मुसाबनी में मुख्यमंत्री ने चुनावी सभा को किया संबोधित, हजारों की संख्या में मुख्यमंत्री को सुनने पहुंचे ग्रामीण
मुसाबनी : मुसाबनी के कुइलासुता मार्शल मैदान में सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की चुनावी सभा में भारी भीड़ उमड़ी। सभा को संबोधित करते हुए घाटशिला उपचुनाव में सोमेश सोरेन को तीर धनुष निशान पर वोट देने की अपील की।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सालभर के अंदर ये चुनाव हो रहा है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के कुछ दिन बाद उनके पदचिन्हों पर चलने वाले झामुमो के एक स्तंभ रामदास सोरेन भी छोड़कर चले गए। उनके जाने के बाद उनके खून सोमेश सोरेन को झामुमो ने प्रत्याशी बनाया है। कहा कि हम सभी झामुमो के निशान तीर धनुष की छत्रछाया में गुरुजी के आदर्शों पर चलते हैं।
तीर धनुष हमारे लिए देवता समान है। जिनके मन में खोट आ जाता है वो इस छत्र छाया में नहीं रह पाते, छोड़कर चले जाते हैं। आज वैसे ही लोग दिल्ली में बैठे बड़े व्यापारियों के पास चले गए हैं। उनका मकसद झारखंड की खनिज संपदा को लुटना है। झामुमो उनकी मंशा के आगे दीवार बनकर खड़ा है। जबतक झामुमो की सरकार है झारखंड को लुटने नही देंगे।
सीएम ने कहा कि भाजपा नियम बनाकर पूरे देश में अपने मित्रों को फायदा पहुंचाना चाहती है। छत्तीसगढ़ में मोदी के मित्र को एक हरे भरे क्षेत्र को फैक्ट्री बनाने के लिए दे दिया जहां लोग बसते थे। लाखों पेड़ काट दिया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा के 15 – 16 वर्षों में झारखंड की हालत खराब हो गई थी। लोग भुखमरी से जान गंवा रहे थे। अपने 6 वर्ष के शासन में किसी भी व्यक्ति की मौत भुखमरी के कारण नहीं हुई। उन्होंने कहा मंईयां सम्मान योजना से 50 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में 2500 प्रतिमाह की राशि भेज रहे हैं। इस योजना से वंचित महिलाओं को जोड़ने के लिए जल्द काम शुरू किया जाएगा। उनके शासन काल में लाखों का बिजली बिल बकाया था। एक आदेश पर सभी लोगों का बिजली बिल माफ कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि ऐसा कानून बनाया जाएगा कि पदाधिकारी घर जाकर लोगों के काम करेंगे। कहा कि आदिवासी, मूलवासी, दलित और पिछड़ा समाज के लोगों के हितों और भाजपा के बड़े व्यापारियों के बीच में लड़ाई है।
आदिवासी और कमजोर तबके के हित को कुचलने का मकसद भाजपा का है। सीएम हेमंत सोरेन ने वोट के माध्यम से इसका जवाब देने का आह्वान किया। चुनावी सभा में सांसद महुआ माजी, जोबा माझी, मंत्री दीपक बिरुवा, विधायक संजीव सरदार, दशरथ गागराई, सविता महतो, सुखराम उरांव, जगत माझी, पूर्व सांसद सुमन महतो, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, प्रत्याशी सोमेश सोरेन समेत गठबंधन के नेता उपस्थित थे।

