जमशेदपुर : ईरान-इजराइल/खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और मिसाइल हमलों की खबरों के बीच जमशेदपुर के मानगो, आजादनगर और धातकीडीह के लोगों में दहशत है। परिजन अपने बच्चों और करीबियों की कुशलता जानने को हर दिन नहीं हर घंटे उनसे संपर्क कर रहे हैं। वैसे सभी लोग सुरक्षित हैं पर पाबंदियों का खौफ उन्हें सता रहा है।
जमशेदपुर के कई परिवारों के सदस्य दुबई, कतर, सऊदी अरब जैसे देशों में रोजगार के सिलसिले में वर्षों से रह रहे हैं। इसी कड़ी में शहर के रहने वाले दिलीप दास का परिवार भी गहरी चिंता में है। उनके बेटे प्रतीक दास पिछले पांच वर्षों से दुबई में कार्यरत हैं।
जैसे ही ईरान, इज़रायल और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने और सैन्य कार्रवाई की खबरें सामने आईं, परिवार चिंतित है। दिलीप दास ने बताया कि लगातार समाचार देखने और सोशल मीडिया पर आ रही सूचनाओं से घर के सभी सदस्य डरे और सहमे हुए हैं। वे प्रतिदिन हर घंटे अपने बेटे से संपर्क कर उसकी कुशलक्षेम जान रहे हैं।
हालांकि दुबई में फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, फिर भी क्षेत्रीय अस्थिरता के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। जमशेदपुर के ऐसे कई परिवार अपने परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और हालात सामान्य होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
