टीएमएच में मुआवजा को लेकर जोहार झारखंड श्रमिक महासंघ व परिजनों का आंदोलन जारी
परिजन व महासंघ 20 लाख मांग रहे, प्रबंधन 17.5 लाख देने को राजी
साह स्पंज एंड पावर में मजदूर राजेन्द्र उपाध्याय की मौत का मामला
जमशेदपुर : पोटका थाना क्षेत्र के हाता स्थित साह स्पंज एंड पावर लिमिटेड में कार्यरत 59 वर्षीय मजदूर राजेन्द्र उपाध्याय की मौत प्रबंधन की सुरक्षा की घोर अनदेखी के कारण हुई है। यह आरोप है इंटक से संबद्ध जोहार झारखंड श्रमिक महासंघ के नेता राजीव पांडेय का। इस घटना के विरोध में मृतक के परिजन एवं राजीव पांडेय के नेतृत्व में रविवार को टीएमएच परिसर में आंदोलन किया गया।
महासंघ ने मृतक परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग रखी। किंतु प्रबंधन 17 लाख 50 हजार रुपये देने पर अड़ा हुआ है। उचित मुआवजा की सहमति नहीं बनने के कारण अब तक मृतक का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका है।
आंदोलन के दौरान यूनियन एवं परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की तथा मृतक परिवार को उचित मुआवजा देना होगा जैसे नारे लगाये और विरोध प्रदर्शन किया। पांडेय और मृतक के परिजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि
यदि उचित मुआवजा नहीं मिला, तो कंपनी खुलने के दिन साह स्पंज एंड पावर लिमिटेड के मेन गेट को जाम कर आंदोलन किया जाएगा।
