जमशेदपुर : मानगो में 14 अक्टूबर को 12 घंटे, मतलब सुबह 6 से शाम 6 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इस दौरान मानगो तकरीबन 30 मोहल्लों में रहने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे-मोटे कारोबारियों को भी एहतियतान इंतजाम कर लेना होगा। बिजली विभाग के महाप्रबंधक अजित कुमार ने मीडिया को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अब तक 12 घंटे की बिजली कटौती की मियाद तय की गई है लेकिन यदि काम पूरा नहीं हुआ तो 14 घंटे भी लग सकते हैं। इतना ही नहीं एक दिन के कट से काम पूरा नहीं हुआ तो आगामी 15 अक्टूबर को भी बिजली विभाग की ओर से शटडाउन लिया जाएगा। वैसे विभाग का पूरा प्रयास है कि एक दिन में ही काम पूरा हो जाए। इससे उपभोक्ताओं की परेशानी थोड़ी कम होगी।
एमजीएम को बालीगुमा पावर स्टेशन से होगी बिजली की आपूर्ति
शटडाउन के दौरान 14 अक्टूबर को डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल को बालीगुमा पावर स्टेशन के 33 केवी हाईटेंशन लाइन से बिजली की आपूर्ति होगी। मानगो फिल्टर प्लांट का भी ध्यान रखा गया है। इसके लिए जवाहरनगर पीएचडी फीड को मानगो कुंबर बस्ती पावर सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की गई है।
शटडाउन का कारण
एनएच-33 पर निर्माणाधीन मानगो एलिवेटेड कारिडोर की जद में आने वाले चांडिल बालीगुमा पावर ग्रिड की 1.32 लाख वोल्ट ट्रांसमिशन लाइस का नया पोल स्थापित करने और तार वगैरह खींचने का काम किया जाना है।
किन इलाकों में नहीं रहेगी बिजली
शंकोसाई रोड नंबर 1से 5, सुभाष कॉलोनी, मानगो डिमना बस्ती, हिलव्यू कॉलोनी, टीचर्स कॉलोनी, रिपीट कॉलाेनी, मुंशी मोहल्ला, दाईगुट्टू, बैकुठनगर, पोस्ट ऑफिस रोड, गुरुद्वारा रोड, आजादनगर, जवाहरनगर, जाकिरनगर, गुलाब बाग, माधवबाग कॉलोनी, चेपापुल, बालीगुमा, मुखियाडांगा, नरगा, बड़ाबांकी, एनएच 33 के समीप पटमदा, बोड़ाम और कटिंग पावर स्टेशन से जुड़े लगभग सभी गांव शामिल हैं।
