== विधायक व निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी
== प्रदर्शन में महिलाओं और युवाओं ने जताया आक्रोश
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के मानगो उलीडीह थाना अंतर्गत सुभाष कॉलोनी रोड नंबर-5 में रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा।
लंबे समय से नाले के गंदे पानी की समस्या से जूझ रहे कॉलोनीवासियों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विधायक मुर्दाबाद, मानगो नगर निगम हाय-हाय जैसे नारे लगाते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराज़गी जाहिर की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। उनका कहना था कि बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो विधायक और न ही मानगो नगर निगम ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई की है।
गंदगी, बदबू और बीमारी का डर—हर दिन की कहानी
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि नाले का गंदा पानी महीनों से सड़कों पर बह रहा है, जिससे बदबू और गंदगी के कारण जीना मुहाल हो गया है। सड़कें दलदल में तब्दील हो चुकी हैं।
बुजुर्ग और बच्चे आए दिन फिसलकर गिर जाते हैं, वहीं गली-मोहल्लों में मच्छरों का आतंक बढ़ गया है।
डेंगू और मलेरिया का खतरा सिर पर मंडरा रहा है, — यह कहना था स्थानीय महिला रेखा देवी का, जो प्रदर्शन में सबसे आगे थीं।
छठ व दीपावली जैसे पर्व सर पर, फिर भी प्रशासन बेपरवाह
लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में छठ पूजा और दीपावली जैसे बड़े पर्व हैं, जब मोहल्ले में आवाजाही बढ़ जाती है।
यदि जल्द ही नाले की सफाई और निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो लोग मानगो नगर निगम कार्यालय और विधायक आवास का घेराव करेंगे।
बच्चों को स्कूल भेजना तक मुश्किल
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि स्कूल जाने वाले बच्चों को रोज़ाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार मोटरसाइकिल सवार गिर चुके हैं। लोगों को गली में चप्पल निकालकर चलना पड़ता है, जो स्थिति की गंभीरता को बयां करता है।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अब आश्वासन नहीं, एक्शन चाहते हैं।एक युवा प्रदर्शनकारी ने रोष जताते हुए कहा कि नेता लोग चुनाव के वक्त वोट मांगने तो आ जाते हैं, लेकिन समस्याओं पर सबकी जुबान बंद हो जाती है ।
