जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में अब सड़क पर कचरा फेंकने वाले दुकानदारों की खैर नहीं, नगर निगम ने थमाया नोटिस
जमशेदपुर : एक बार फिर मानगो नगर निगम ने लगभग 200 से ज्यादा दुकानदारों को नोटिस दिया। सभी दुकानदार मानगो चौक से पारडीह मार्ग के बीच सड़क पर ही दुकान लगाते हैं।
नगर निगम के नोटिस में कहा गया है कि दुकानदारों द्वारा खुले में कचरा फेंकने पर जुर्माना भरना पड़ेगा। दुकानदारों को दुकान के आगे डस्टबिन रखने और निगम के वाहनों में कचरा डालने को कहा गया है।
नगर निगम के प्रभारी उप नगर आयुकत कृष्ण कुमार ने मीडिया को जानकारी दी है कि पहले चरण में मानगो चौक से पारडीह तक सफाई की व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
विशेषकर सब्जी और ठेला लगाने वाले दुकानदार दुकान बंद करने के बाद सड़क पर ही कचरा फेंक कर चले जाते हैं।
उन्होंने बताया है कि दिन में दो बार कचरे का उठाव हो रहा है। पारडीह चौक से पारडीह के बीच मुख्य सड़क के दुकानदारों से सुबह और शाम कचरे का उठाव किया जा रहा है।
सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर सख्ती बरती जाएगी और जुर्माना भी वसूला जाएगा। दूसरे चरण में मानगो चौक से डिमना चौक तक भी अभियान शुरू होगा।
निगम की ओर से सफाई व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी नगर प्रबंधक निशांत कुमार को सौंपी गयी है। इसी तरह सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद और चंदन कुमार प्रतिदिन इसकी मानिटरिंग कर रहे हैं। इस सख्ती का असर सड़कों पर दिखने लगा है।
