काशीडीह में बाइक ट्रायल को निकले गैराज मिस्त्री को टेंपो ने मारी टक्कर, घटना स्थल पर ही मौत
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना अंतर्गत काशीडीह कुम्हारपाड़ा के पास मुख्य सड़क पर शनिवार की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे हुई सड़क दुर्घटना में गैराज मिस्त्री मिहिर पोद्दार (55 वर्ष) की मौत हो गई। मृतक सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु के रहने वाले थे। स्
थानीय लोगों के अनुसार एक बाइक पर बैठकर उसके ट्रायल पर निकले मिस्त्री को एक अज्ञात टेंपो की ठोकर से मिहिर पोद्दार बीच सड़क पर लहूलुहान होकर गिर गए जबकि टेंपो चालक मौके से टेंपो लेकर भालूबासा की ओर फरार हो गया।
स्थानीय लोग काफी प्रयास के बाद भी टेंपो को पकड़ नहीं पाए। मिहिर पोद्दार काशीडीह मुरारी होटल के पास पिछले 35 वर्षों से बाइक गैराज चलाते थे। घटना में मिहिर पोद्दार को सिर पर गंभीर चोट लगी थी और घटनास्थल पर काफी रक्तस्राव होने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद उन्हें स्थानीय लोगों द्वारा टाटा मैन अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस स्थानीय सीसीटीवी फुटेज के जरिए टेंपो का पता लग रही है। घटना में मारे गए मिहिर पोद्दार के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटी एवं दो बेटा है। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
