जमशेदपुर के कदमा इलाके में भानु माझी गिरोह का सदस्य हथियार समेत गिरफ्तार
जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को भानु मांझी गिरोह के सक्रिय सदस्य 20 वर्षीय मनीष सिंह को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। मंगलवार को एसएसपी पियूष पांडे ने संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि कदमा थाना अंतर्गत उलियान टीओपी मैदान में भानु मांझी गिरोह का एक सदस्य पिस्टल और गोली के साथ घूम रहा है। वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। इस मामले को लेकर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उलियान टीओपी मैदान में छापामारी की और मौके से एक युवक को देशी लोडेड सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल तथा तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि मनीष सिंह भानु मांझी गिरोह का सक्रिय सदस्य है और जमशेदपुर में गिरोह सरगना भानु मांझी के साथ मिलकर हथियार के बल पर लोगों को डरा-धमकाकर रंगदारी वसूलने का काम करता है। बताया कि भानु मांझी पर जमशेदपुर के कई थानों में गंभीर मामलों के तहत कई कांड दर्ज हैं। गिरफ्तार मनीष सिंह को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
