जमशेदपुर: रविवार देर रात टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य सड़क मार्ग पर एक अधेड़ महिला ने एक युवक की बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी। अचानक हुई इस घटना से राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर तक कोई समझ ही नहीं पाया कि मामला क्या है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला लगातार युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए उसे मारती रही, जबकि युवक अपने बचाव में यह कहता रहा कि मोबाइल उसने नहीं, उसके साथ चल रहे एक अन्य युवक ने लिया है।
बताया जा रहा है कि दोनों ही व्यक्ति नशे की हालत में थे, जिससे स्थिति और भी अराजक हो गई। करीब 20 मिनट तक मुख्य सड़क पर यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिसके चलते यातायात भी प्रभावित हुआ।
कुछ समय बाद महिला और युवक दोनों ही मौके से चुपचाप गायब हो गए, जिससे मामला रहस्य में बदल गया।पुलिस को लेकर स्थानीय लोगों में असमंजस रहा, क्योंकि घटना स्थल पर किसी भी तरह की तैनाती नहीं थी और न ही कोई हस्तक्षेप किया गया।
स्थानीय लोग बोले— देर रात सड़क पर सुरक्षा नहीं
स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों ने कहा कि स्टेशन रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर भी देर रात सुरक्षा का घोर अभाव है।
ऐसी घटनाएं राहगीरों के लिए खतरे का संकेत हैं और प्रशासन को इस दिशा में सतर्कता बरतनी चाहिए

