जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के चलते भारी भीड़ से पटे जमशेदपुर के मानगो पुलिया पर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब टमाटर से लदा एक ट्रक अचानक ब्रेक फेल हो गया।
ट्रक के अनियंत्रित होते ही इलाके में अफरातफरी मच गई, लेकिन ड्राइवर ने बेहद सूझबूझ दिखाते हुए रॉन्ग साइड में ट्रक मोड़कर उसे पुल निर्माण कार्य में लगे हाइड्रा से टकरा दिया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा व्यस्त समय हुआ, जब पूजा पंडालों की ओर जाने वाले रास्तों पर भारी भीड़ थी। अगर ट्रक आगे बढ़ता, तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। ड्राइवर की तेजी से ली गई निर्णय ने कई जिंदगियों को बचा लिया।
हालांकि, जब तक लोग स्थिति को समझ पाते, तब तक भीड़ का गुस्सा ट्रक चालक पर फूट पड़ा और लोगों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस और अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए ड्राइवर को भीड़ से बचाया और मानगो थाना के हवाले कर दिया।
इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन ट्रक और हाइड्रा को नुकसान जरूर पहुंचा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि दुर्गा पूजा के कारण सड़कों पर इन दिनों अत्यधिक भीड़ है, ऐसे में ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पहले से ही सतर्क है।
