जमशेदपुर में बगैर लाइसेंस कोई भी जुलूस या शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी, डीजे पर रोक
जमशेदपुर: दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया कि बिना लाइसेंस कोई भी जुलूस या शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी। साथ ही डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और लाउडस्पीकर का प्रयोग केवल निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जा सकेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने आदेश में कहा कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। जुलूस में किसी भी तरह के हथियार का प्रदर्शन करने पर सख्ती है। यदि कोई व्यक्ति या समूह धार्मिक उन्माद फैलाने वाले, आपत्तिजनक या भड़काऊ नारे लगाता है तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई होगी।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने विशेष निर्देश दिए हैं। किसी भी जुलूस के दौरान सड़क या राजमार्ग को अनावश्यक रूप से अवरुद्ध नहीं किया जा सकेगा। जुलूस निर्धारित मार्ग से ही होकर गुजरेगा और इसे समय सीमा के भीतर पूरा करना होगा। इसके अलावा जुलूस में शामिल लोग रास्ते में पड़ने वाले धार्मिक स्थल, अस्पताल और स्कूलों के पास न तो रुकेंगे और न ही शोर करेंगे। शोभायात्रा के दौरान राहगीरों से जबरन चंदा वसूली पर पाबंदी रहेगी।
