टाटानगर स्टेशन पर यात्रियों का फूटा गुस्सा, लेटलतीफी के खिलाफ चला हस्ताक्षर अभियान
== सैकड़ों यात्रियों ने दर्ज कराई शिकायत, सरयू राय ने भी दिया समर्थन,यात्रियों ने जाहिर की नाराजगी
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी और अव्यवस्थाओं के खिलाफ रविवार को रेल यात्री संघर्ष समिति द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में यात्रियों ने भाग लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
अभियान के दौरान स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों से हस्ताक्षर कराए गए और उनकी समस्याओं को दर्ज किया गया। यात्रियों ने बताया कि ट्रेनों की अनियमितता के कारण उन्हें रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर नौकरीपेशा, छात्र, मरीज और व्यवसायी वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
इस मौके पर विधायक सरयू राय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और अभियान को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी टाटानगर स्टेशन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई ट्रेनें दो से तीन घंटे की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं और आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि समयबद्ध सेवा देना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
हस्ताक्षर अभियान में शामिल यात्रियों ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समिति ने बताया कि एकत्रित हस्ताक्षरों को रेलवे के उच्च अधिकारियों को सौंपा जाएगा। यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप लेता नजर आ रहा है।
