पटमदा के धूसरा गांव में फैला डायरिया, एक बच्ची समेत 7 सबर मरीज अस्पताल में भर्ती
पटमदा के सीएचसी प्रभारी से गांव में कैम्प लगाने का आग्रह
पटमदा: पटमदा प्रखंड अंतर्गत धूसरा गांव के ढोलकोचा टोला में पिछले 3 दिनों से आदिम जनजाति समुदाय सबर परिवार के लोग डायरिया की चपेट में हैं। झामुमो के पटमदा प्रखंड कोषाध्यक्ष हरिहर सिंह ने गंभीर हालत में 7 मरीजों को नजदीकी अस्पताल पटमदा के माचा स्थित सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
रीजों में सारो सबर (30 वर्ष), मलिंद्र सबर (35 वर्ष), पूजा सबर (13 वर्ष), सनका सबर (20 वर्ष), बादल सबर (50 वर्ष), अमरूद सबर (50 वर्ष) एवं मंगली सबर (5 वर्ष) शामिल हैं। इस संबंध में हरिहर सिंह से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि गांव में एक चापाकल है जो खराब होने के बाद से इस टोला के लोग कुएं का पानी पेयजल के रूप में उपयोग कर रहे थे। उस पानी से लोग सिंचाई करते हैं। बारिश के कारण पानी गंदा होने की वजह से ही संभवतः गांव में डायरिया फैल गया। यहां के करीब एक दर्जन परिवार डायरिया की चपेट में आ गए हैं और बार-बार उल्टी व दस्त होने के बाद 7 लोगों की स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि पटमदा के सीएचसी प्रभारी से गांव में कैम्प लगाने का आग्रह किया गया है। वैसे अब तक कोई टीम मौके पर पहुंची नहीं है।
