जमशेदपुर में बारिश से सड़क पर गिरा पेड़, साकची हावड़ा ब्रिज के पास बाधित रहा यातायात
जमशेदपुर: शनिवार को हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। इसी दौरान साकची थाना क्षेत्र के हावड़ा ब्रिज के पास एक बड़ा पेड़ अचानक सड़क के बीचों-बीच गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क पूरी तरह जाम रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पेड़ गिरने के कारण लोग हावड़ा ब्रिज मार्ग से आने-जाने में घंटों जाम में फंसे रहे। कई वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे।
सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं। अचानक पेड़ गिरते ही कई वाहन चालक बाल-बाल बच गए। हालांकि किसी तरह की जान-माल की हानि की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना के कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। कुछ गाड़ियों को क्षति भी हुई।
सूचना पाकर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने की कोशिश की। साथ ही नगर निगम और दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया। प्रशासन की ओर पेड़ को काटकर सड़क खाली करवाया गया।
