आरआईटी थाना क्षेत्र में मिला शव, मृतक की शिनाख्त नहीं
आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा आश्रम कॉलोनी के मार्ग संख्या एस–2 में शुक्रवार तड़के सड़क किनारे शव मिला। सुबह-सुबह शव देखकर राहगीरों ने आरआईटी पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद स्थल पर पहुंची आरआईटी थाना की टीम ने मृतक के शव का पंचनामा कर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। संभावना जताई जा रही है कि अधिक शराब सेवन के कारण संबंधित व्यक्ति की मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस हत्या की आशंका को भी खारिज नहीं कर रही है। पुलिस टीम अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आस-पास के लोगों से पूछताछ करने में भी जुटी है, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।
