बस का परमिट और टैक्स जमा करने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर : शहर के सीतारामडेरा पुलिस ने बस का फर्जी परमिट बनाने और फर्जी तरीके से टैक्स जमा करने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के बारे में कारवां ट्रांसपोर्ट के बस मालिक की ओर से सीतारामडेरा थाने में लिखित शिकायत की गयी थी। शिकायत मे कहा गया है प्रफुल्ल पांडेय ने बस का परमिट और टैक्स जमा करने के नाम पर उनके 6.50 लाख रुपये की ठगी की है। इसकी सच्चाई सामने आई तो पता चला कि उन्हें भारी नुकसान हो गया।
प्रफुल्ल पांडेय की शिकायत लेकर अब तो और लोग भी सामने आने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की अभी जांच की जा रही है। उसके खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी भी की जा रही है। पुलिस का मानना है मामले में अभी कई खुलासे हो सकते हैं।
