कोल्हान प्रमंडल स्तरीय पुलिस मीट का शुभारंभ
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में बुधवार से कोल्हान प्रमंडल स्तरीय पुलिस मीट का शुभारंभ हुआ। इस मीट का उद्घाटन डीआईजी अनुरंजन किस्टोपा ने किया। मालूम हो कि अपराध अनुसंधान को लेकर हर साल इस तरह का आयोजन किया जाता है, जिसमें पुलिस पदाधिकारी वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान की जानकारी आपस में साझा करते हैं। इस मीट में तीनों जिलों के सैकड़ो पुलिस पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें 10 स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं जिसमें 6 विषयों को शामिल किया गया है। डीआईजी ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। वहीं जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडे ने बताया कि इस तरह के प्रतियोगिताओं से पुलिस पदाधिकारियों को वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान में सहूलियत होती है।

