दिल्ली में झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन
जमशेदपुर : झारखंड के स्कूली शिक्षा मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन का शुक्रवार को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। वे कई दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे और वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखे गए थे। जेएमएम नेता कुणाल षाड़ंगी ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन की पुष्टि की।
कुछ दिन पहले मंत्री सोरेन अपने आवास के बाथरूम में फिसलकर गिर पड़े थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और ब्रेन हेमरेज हो गया। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उपचार कर रही थी, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घाटशिला विधानसभा सीट से विधायक रहे सोरेन ने झारखंड आंदोलन में भी अहम योगदान दिया था। उनकी सादगी और जनसेवा की छवि के कारण वे जनता में लोकप्रिय थे। उनके निधन से राज्य के राजनीतिक और शैक्षणिक क्षेत्र में गहरा शोक है। जल्द ही उनका अंतिम संस्कार उनके गृह नगर में किया जाएगा।



