जमशेदपुर के डिमना लेक से सटे गेरूआ में पेड़ से लटका मिला घर से लापता व्यक्ति का शव
जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक से सटे गेरूआ टोला चिरुगोड़ा से बोड़ाम पुलिस ने एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि पिछले लगभग छह महीनों से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और बुधवार की शाम लगभग 8 बजे से वे घर से लापता थे।
गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बोड़ाम थाना के अवर निरीक्षक विनोद मुर्मू घटनास्थल पर पहुँचे और एक सिंदुआर पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी पर लटके अवस्था में शव को बरामद किया। शव का पंचनामा करने के पश्चात उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस संबंध में मृतक की बेटी, मिर्जाडीह निवासी सुनीता किस्कू ने बताया कि उनके पिता हाड़ीराम मुर्मू इस वर्ष सरस्वती पूजा के दिन अलाव तापते समय आंशिक रूप से जल गए थे, जिसके बाद से वे मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने लगे थे।
उनकी माँ का देहांत लगभग दो वर्ष पूर्व हो चुका है।
हाड़ीराम अपने तीन बेटों—सोम, राम और लक्ष्मण मुर्मू—के साथ रहते थे।
पुलिस ने घर से लगभग 200 मीटर दूर जंगल के किनारे स्थित एक पेड़ से शव को बरामद किया है।
फांसी लगाने की जानकारी परिजनों को गुरुवार सुबह लगभग 8 बजे प्राप्त हुई।
इसके बाद बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार को सूचना दी गई, जिनके निर्देश पर पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया।
