कांग्रेस ने सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर विवाद के लिए सरयू राय और रघुबर दास दोनों की खिंचाई की
आनंद बिहारी दुबे ने धर्मस्थल को राजनीति का अखाड़ा बनाने के लिए दोनों नेताओं को जिम्मेवार ठहराया
जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में बीती रात रघुबर दास व सरयू राय गुट में हुए मारपीट के मामले में अब राजनीति भी तेज हो चुकी है। कांग्रेस पार्टी ने इसे ओछी राजनीति करार देते हुए हिंदुत्व पर प्रहार बताया।
एक पत्रकार वार्ता के दौरान शनिवार को कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि बीती रात सूर्य मंदिर परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं वर्तमान विधायक सरयू राय के गुट आपस में भिड़ गये।

यहाँ तक की प्रशासन को इसपर हस्तक्षेप कर यहाँ होने वाले सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम पर रोक लगानी पड़ी और मंदिर परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
इस मामले पर प्रदेश कांग्रेस के नेता आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि धर्म और आस्था से जुड़े स्थान को पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधायक ने राजनीति का आखड़ा बना दिया है और छठ महापर्व के मौके पर मंदिर में मारपीट की घटना हिन्दुओं के भावनाओं को ठेस पहूंचाती है। इसलिए, कांग्रेस पार्टी इस घटना की घोर निंदा करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अहिंसा की राजनीति करती है और सदैव इस तरह के घटनाओं का विरोध करती रहेगी।
उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले में सख्ती से करवाई करने की मांग की।
