रांची: चक्रवाती तूफान ‘मिचौंग’ के कारण, झारखंड राज्य अगले कुछ दिनों में मौसमी अस्थिरता का सामना करेगा.
रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 4 से 7 दिसंबर तक राज्य भर में बादल और बारिश की आशंका है, जिससे शादी-समारोहों में व्यवधान पड़ सकता है.
बंगाल की खाड़ी में उठे इस चक्रवात का असर मछलीपट्टनम पर भी पड़ेगा, जहां इसकी गति 90 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है. इसके प्रभाव से हवाओं में परिवर्तन होगा और सोमवार को कोल्हान समेत पूरे झारखंड में बादल छाए रहेंगे.
5 दिसंबर को खासकर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में वर्षा की संभावना है, जबकि 6 और 7 दिसंबर को पूरे राज्य में बारिश हो सकती है. इस दौरान दिन में ठंडक महसूस होगी, लेकिन 8 दिसंबर से मौसम साफ होने की उम्मीद है.
आनंद के अनुसार, 4 दिसंबर की शाम के बाद चेन्नई और मछलीपट्टनम के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु तटों के पास कम दबाव के चलते चक्रवात का खतरा है. 5 दिसंबर से राज्य के अधिकांश जिलों में वर्षा होने की संभावना है, जबकि रांची समेत अन्य जिलों में तापमान में बड़े बदलाव की आशंका नहीं है.
