![]()
नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बधाई दी है।
बंगाल दिवस पर बधाई देते हुए उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पश्चिम बंगाल दिवस के मौके पर, मैं पश्चिम बंगाल के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। 20 जून राज्य के इतिहास में एक अहम दिन है। 1947 में इसी दिन, एक ऐतिहासिक फैसले ने पश्चिम बंगाल को भारत संघ के एक अभिन्न अंग के रूप में बनाने का रास्ता साफ किया था।
उपराष्ट्रपति ने आगे लिखा, “मैं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व ने इस ऐतिहासिक परिणाम में अहम भूमिका निभाई थी। भारत के सांस्कृतिक और राष्ट्रीय जीवन में पश्चिम बंगाल का एक खास स्थान है। भारत की आजादी की लड़ाई, शिक्षा, विज्ञान, साहित्य, संगीत, सिनेमा और सार्वजनिक जीवन में इसके योगदान ने हमारी राष्ट्रीय चेतना को गहराई से प्रभावित किया है।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने लिखा, “पश्चिम बंगाल के लोग अपनी रचनात्मकता, हिम्मत और सेवा की भावना के साथ हमारे देश की प्रगति और विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं। पश्चिम बंगाल समृद्धि और खुशहाली की नई ऊंचाइयों को छुए, और इसकी शानदार विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहे।
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बंगाल दिवस की बधाई देते हुए लिखा, “पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस की समस्त प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। समृद्ध संस्कृति, साहित्य, कला, ज्ञान एवं गौरवशाली विरासत से परिपूर्ण यह प्रदेश निरंतर विकास, सुख एवं समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे, यही मंगलकामना है।
सम्राट चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिवस की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।” उन्होंने आगे लिखा कि ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के प्रति आपके समर्पित जीवन के लिए निरंतर शक्ति और सफलता की कामना करता हूं। आपके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर अग्रसर रहे, ईश्वर से यही प्रार्थना है।
एसडी
