![]()
हैदराबाद, 20 जून (आईएएनएस)। हैदराबाद में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए 24 घंटे का काउंटडाउन आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने हजारों की संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों के साथ योगाभ्यास किया।
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा, “भारत सरकार की पहल पर दुनिया भर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। हैदराबाद में पिछले सात सालों से हम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले 24 घंटे का काउंटडाउन इवेंट आयोजित कर रहे हैं, जिसमें शहर के जाने-माने नागरिक इस मौके को मनाने के लिए एक साथ आते हैं। आज भी शानदार कार्यक्रम हुआ है। हजारों योगा प्रेमी लोग इसमें शामिल हुए।”
उन्होंने बताया कि पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, कई सांसद और विधायक शामिल हुए।
पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “पूरी दुनिया योग दिवस मना रही है। योग से सेहत बनती है और यह मन, बुद्धि और शरीर को जोड़ने में मदद करता है। इसलिए, योग सिर्फ युवाओं या महिलाओं के लिए नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी प्रैक्टिस है जिसे हर कोई अपना सकता है।”
इस अवसर पर भाजपा सांसद एटेला राजेंद्र ने कहा कि योग की भारत की प्राचीन परंपरा दुनिया भर में स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद कर रही है। यूएन की ओर से ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ की मान्यता के बाद से दुनियाभर में इसे बढ़ावा मिला है।
एटाला राजेंद्र ने कहा, “जब से प्रधानमंत्री मोदी आए हैं, दुनिया भर के लोगों ने सेहतमंद रहने में दिलचस्पी दिखाई है। योग की हमारी पारंपरिक पद्धति और योग दिवस मनाने के लिए भारत की अपील को स्वीकार किया गया। सेहत और भलाई को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की भारत की कोशिशें बहुत असरदार साबित होंगी।”
तेलुगु एक्टर नवीन पॉलीशेट्टी ने भी योगा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, “केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने हमें आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर यहां बुलाया। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा इस जोर देते रहे हैं। मैंने पहले भी बोला है कि वे (पीएम मोदी) योग के समर्थक रहे हैं। जैसा कि आप देख सकते हैं आज हैदराबाद में लगभग 10,000 लोग इकट्ठा हुए हैं। शुरू में मुझे लगा था कि सुबह 6 बजे कितने लोग आएंगे, लेकिन लोगों का रिस्पॉन्स जबरदस्त रहा है।”
डीसीएच
