जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय, बिष्टूपुर में रविवार को “शिकायत/निवारण कार्य दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन से जुड़े सुझाव, शिकायतें तथा पद-प्रतिष्ठा संबंधी मुद्दों को लिखित रूप में बंद लिफाफे में जमा किया।
कार्यकर्ताओं द्वारा सौंपे गए सभी आवेदन जिला प्रभारी शशिभूषण राय और जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह को दिए गए। बताया गया कि सभी प्रविष्टियों को प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में आंतरिक विचार-विमर्श और संवाद की स्वस्थ परंपरा रही है। प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर यह पहल आम कार्यकर्ताओं तक उनकी बात पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने बेबाकी से अपने सुझाव, शिकायतें और संगठन से जुड़े मुद्दे सामने रखे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने जिला प्रभारी शशिभूषण राय का बुके देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से कार्यकर्ताओं की आवाज को महत्व देती रही है और इसी परंपरा के तहत पार्टी कार्यालय में सुझाव और विचार लेने का कार्य किया गया है। इससे संगठन को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में प्राप्त सभी आवेदनों के संकलन और संपादन का कार्य कार्यालय प्रभारी संजय सिंह आजाद ने किया।
