आदित्यपुर : झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद आदित्यपुर नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को होटल और लॉज में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान साफ- सफाई, फायर सेफ्टी, सीसीटीवी कैमरे, रजिस्टर मेंटेनेंस और वैध ट्रेड लाइसेंस की बारीकी से जांच की गई। नगर निगम की उपनगर आयुक्त पारुल सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान कई होटल निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
निगम की टीम ने लगभग पांच होटलों पर जुर्माना लगाया। जांच में पाया गया कि कुछ होटलों में साफ- सफाई की स्थिति बेहद खराब थी। फायर सेफ्टी उपकरण या तो नहीं थे या अनुपयोगी हालत में पाए गए। कई स्थानों पर रजिस्टर का रख- रखाव ठीक से नहीं किया गया था, वहीं ट्रेड लाइसेंस भी अद्यतन नहीं मिले।
इसके अलावा, कई होटलों में सीसीटीवी कैमरे या तो लगे नहीं थे या काम नहीं कर रहे थे। नगर निगम की ओर से बताया गया कि यह अभियान 15 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान जो भी होटल या लॉज नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
