पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के हलुदबनी टीओपी के समीप टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर शुक्रवार को रैश ड्राइविंग करने वाले बाइकर्स के धक्के से पश्चिम बंगाल का एक बाइक सवार युवक बुरी तरह घायल हो गया। घायल खगेन महतो पुरुलिया जिले के बांदोवान थाना क्षेत्र के गंगामान्ना गांव निवासी बताया जाता है। घायल खगेन अपनी बाइक पर सब्जी लादकर जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों ने अनियंत्रित होकर धक्का मार दिया। घटना में वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी बाइक चालक को पकड़कर गाड़ी समेत बोड़ाम पुलिस के हवाले कर दिया है। जबकि गंभीर रूप से घायल खगेन को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस द्वारा घायल युवक के परिवार वालों को मामले की सूचना दी गई। घायल युवक सब्जी बेचने का काम करता है।
