सरायकेला : सरायकेला- खरसावां पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत कुल 109 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। इस अभियान को पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर चलाया गया था। बरामद मोबाइल फोन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 22 लाख रुपये बताया जा रहा है।
एसपी ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज शिकायतों, सीईआईआर पोर्टल से प्राप्त सूचना और तकनीकी शाखा के सहयोग से यह कार्रवाई की गई। बरामद मोबाइल फोन को टाउन हॉल सरायकेला में आयोजित एक कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने व्यक्तिगत रूप से उनके वास्तविक धारकों को सौंपा गया। पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन चोरी या गुम हो जाए तो नजदीकी थाना और सीईआईआर पोर्टल पर तुरंत जानकारी अपलोड करें। पुलिस ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया बेहद आसान है और उसके जरिए मोबाइल की ट्रैकिंग व बरामदगी में मदद मिलती है।
