NEET पेपर लीक मामले पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, मोदी-धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन
जमशेदपुर: NEET परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिसके कारण छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है।
नवनीत मिश्रा ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस छात्रों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की गई।
