चाईबासा : चाईबासा और आसपास के इलाकों में सोमवार शाम से पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो चुका है, जबकि जिन पंपों पर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है वहां वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। मंगलवार को शहर में केवल दो पेट्रोल पंपों पर ही पेट्रोल और डीजल उपलब्ध था। स्थिति को देखते हुए दुपहिया वाहनों को अधिकतम 100 रुपये और चार पहिया वाहनों को 500 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया जा रहा है।
ईंधन संकट के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी और सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार ने पुलिस बल के साथ शहीद पार्क, बड़ी बाजार समेत विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों के आगत पंजी, बिक्री पंजी और स्टॉक रजिस्टर की जांच कर उपलब्ध भंडारण की जानकारी ली। जांच के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार सप्लाई चेन में कमी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि घबराहट में जल्दबाजी न करें और न ही ईंधन की जमाखोरी करें। जरूरत के अनुसार ही वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाएं ताकि सभी लोगों को आवश्यक ईंधन उपलब्ध हो सके।
