सिदगोड़ा में बंद क्वार्टर में दिनदहाड़े चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार, घर वाले शादी समारोह में शामिल होने गए थे गांव
जमशेदपुर : शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमल संघ के पास स्थित क्वार्टर नंबर L4/39 में रविवार को चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। यहां टाटा स्टीलकर्मी राकेश कुमार झा अपने परिवार के साथ रहते हैं। घटना के समय पूरा परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव गया हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार, घर की देखरेख के लिए राकेश झा ने चाबी एक रिश्तेदार को सौंप रखी थी। रविवार सुबह करीब 8 बजे रिश्तेदार घर बंद कर ड्यूटी पर चला गया। इसी बीच चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए पीछे के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
घर में घुसने के बाद चोरों ने सभी कमरों की तलाशी ली और अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर करीब 10 से 12 हजार रुपये नकद के साथ लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया।
शाम करीब 4 बजे जब परिवार वापस लौटा तो टूटा दरवाजा और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, वहीं क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की चोरी की वारदात पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। इस घटना ने शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

