जमशेदपुर के धातकीडीह में लिफ्ट गिरने से महिला गंभीर, टीएमएच के सीसीयू में चल रहा इलाज, हालत गंभीर
JAMSHEDPUR : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक बहुमंजिला इमारत की लिफ्ट अचानक गिर गई। इस घटना में 45 वर्षीय महिला रुकसाना गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह जुगसलाई की निवासी हैं और धातकीडीह स्थित हुसैन बिल्डिंग में घरेलू काम करती थीं।
शुक्रवार को वह रोज की तरह काम पर पहुंची थीं और लिफ्ट से ऊपर जा रही थीं। इसी दौरान लिफ्ट अचानक खराब होकर नीचे आ गिरी। जोरदार आवाज सुनकर बिल्डिंग के लोग और आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत रुकसाना को बाहर निकालकर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है और उन्हें सीसीयू में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस यह जांच कर रही है कि लिफ्ट किन कारणों से गिरी और उसमें कोई तकनीकी खराबी थी या नहीं। बिल्डिंग प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
इस हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने लिफ्ट की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
