किराया वृद्धि के खिलाफ सड़क पर उतरे जमशेदपुर के सैरात दुकानदार, कहा-निर्णय वापस नहीं लिया गया तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे
जमशेदपुर : शहर के विभिन्न बाजारों के सैरात दुकानदारों ने मार्केट का किराया बढ़ाए जाने का जोरदार विरोध किया है। मंगलवार को व्यापारियों ने जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी के कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन यदि पुराने किराया काे बहाल नहीं रखता है तो उनका आंदोलन जारी रहेगा। यदि तब भी बात नहीं बनी तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में जुटे व्यापारी धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना और व्यापारियों से चर्चा किए बगैर मार्केट का किराया बढ़ा दिया गया है, जो पूरी तरह से अनुचित है।
व्यापारियों का कहना था कि पहले से ही बाजार में मंदी का माहौल है और छोटे-छोटे दुकानदार आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। ऐसे में किराया बढ़ाने का फैसला व्यापारियों के लिए अतिरिक्त बोझ साबित होगा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि मार्केट का किराया बढ़ाने से छोटे और मध्यम वर्ग के दुकानदारों की स्थिति और खराब हो जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बढ़ाए गए किराये को तुरंत वापस लिया जाए और इस संबंध में व्यापारियों के साथ बैठक कर उचित समाधान निकाला जाए।
