हजारीबाग : हजारीबाग रोड स्टेशन पर अब रुकने लगी रांची वाराणसी वंदे भारत ट्रेन। ठहराव शुरू होने से स्थानीय लोगों में गजब का उत्साह है। उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय विधायक नागेंद्र महतो ने सुबह 8 बजकर 14 मिनट पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया। विधायक ने ट्रेन के चालक को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और इस पहल को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।
भारतीय जनता पार्टी के बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि वंदे भारत का ठहराव हजारीबाग और गिरिडीह जिले के श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। अब लोग कम समय में न केवल आरामदायक सफर तय कर वाराणसी पहुंच सकेंगे बल्कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। अब यात्रियों को रांची या वाराणसी जाने के लिए दूर के बड़े स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
