झारखंड बजट 2026-27 आज पेश, महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े ऐलान की उम्मीद
रांची। Jharkhand सरकार आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी। मुख्यमंत्री Hemant Soren के नेतृत्व वाली सरकार में वित्त मंत्री Radha Krishna Kishore सदन में बजट भाषण देंगे। इस बार बजट का आकार 1.55 लाख करोड़ से 1.60 लाख करोड़ रुपये के बीच रहने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो यह पिछले वर्ष के 1.45 लाख करोड़ रुपये के बजट की तुलना में करीब 7 से 10 प्रतिशत अधिक होगा।
सरकार अतिरिक्त राशि को बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार पर खर्च कर सकती है। बजट में महिलाओं और युवाओं पर विशेष फोकस रहने के संकेत हैं।
राज्य की अर्थव्यवस्था में कृषि की अहम भूमिका है। आंकड़ों के अनुसार, राज्य के लगभग 38 लाख किसानों में से करीब 19 लाख महिला किसान हैं। ऐसे में महिला किसानों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के लिए नई पहल की घोषणा संभव है। सूत्रों के मुताबिक, महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने या छोटे व्यवसाय के विस्तार के लिए एकमुश्त 20 हजार रुपये तक का ऋण देने की योजना लाई जा सकती है।
रोजगार सृजन भी सरकार का प्रमुख एजेंडा रह सकता है। औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने, स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए ‘स्टार्ट-अप फंड’ की स्थापना जैसी घोषणाएं संभावित हैं। साथ ही कौशल विकास केंद्रों के आधुनिकीकरण के लिए भी विशेष प्रावधान किया जा सकता है।
आदिवासी बहुल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए विशेष पैकेज की भी घोषणा की उम्मीद जताई जा रही है। राज्य की जनता की निगाहें आज पेश होने वाले बजट पर टिकी हैं, खासकर युवाओं और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं को लेकर।
