टाटानगर स्टेशन, कीताडीह और गोलपहाड़ी में चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान
जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन के विस्तारीकरण की जद में आने वाले मकान और दुकान को हटाने का अभियान जारी है। गुरुवार को भी टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और विस्तारीकरण को लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। स्टेशन से सटे कीताडीह और गोलपहाड़ी क्षेत्र में रेलवे भूमि पर बने अतिक्रमण को हटाने के दौरान प्रशासन को मामूली विरोध का भी सामना करना पड़ा।
22 से अधिक दुकानों को ध्वस्त किया गया। बताया जा रहा है कि यह कदम स्टेशन के विकास कार्यों को गति देने, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
अभियान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर बागबेड़ा थाना पुलिस और आरपीएफ के जवान तैनात रहे। सुबह से ही दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों से सामान हटाना शुरू कर दिया था।
रेलवे के लैंड डिपार्टमेंट के अधिकारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि टाटानगर स्टेशन के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के अनुपालन में रेल प्रशासन अतिक्रमण हटाने का काम कर रहा है और करीब 22 से 25 दुकानों को हटाया जाएगा।
रेल प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
