विक्रम शर्मा मर्डर : कमर में बंधी रह गई लाइसेंसी पिस्टल, हमलावरों ने संभलने का भी नहीं दिया मौका
देहरादून/जमशेदपुर | स्टील सिटी जमशेदपुर की चर्चित हस्ती और झारखंड के अलावा उत्तराखंड में भी कारोबार संभालने वाले विक्रम शर्मा हमेशा अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर चलते थे लेकिन शुक्रवार सुबह देहरादून के एक माल से निकलते वक्त जब अपराधियों ने उन पर विक्रम शर्मा को अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकलने तक का मौका नहीं मिला और हमलावरों ने उन्हें अपनी गोलियों से भून दिया।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का सबसे व्यस्त और हाई-प्रोफाइल इलाका राजपुर रोड पर सिल्वर सिटी मॉल के पास शुक्रवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने विक्रम शर्मा की उस वक्त बेरहमी से हत्या कर दी, जब वे जिम से वर्कआउट कर बाहर निकल रहे थे। शहर के बीचों-बीच हुई इस दुस्साहिक वारदात ने पुलिसिया सुरक्षा तंत्र की धज्जियां उड़ा दी हैं।
पिस्तौल निकालने तक का नहीं मिला समय
वारदात की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि विक्रम शर्मा सुरक्षा के लिहाज से हमेशा अपनी लाइसेंसी पिस्टल साथ रखते थे। घटना के वक्त भी पिस्टल उनकी कमर में ही बंधी थी, लेकिन हमलावरों ने इतनी सटीक प्लानिंग और तेजी से हमला किया कि विक्रम को अपनी रक्षा में हथियार निकालने तक का अवसर नहीं मिला। बदमाशों ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी, जिससे वे वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में कोहराम, पुलिस महकमे में हलचल
घटना की सूचना मिलते ही विक्रम शर्मा की पत्नी सोनिया शर्मा बदहवास हालत में मौके पर पहुँचीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएसपी अजय सिंह ने स्वयं कमान संभालते हुए घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने सिल्वर सिटी मॉल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है।
तीन दिन में दूसरा मर्डर: दहशत में दून
राजधानी देहरादून में तीन दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा हत्याकांड है। पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश है।
