जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने संध्या सिंह के समर्थन पर बनाई सहमति
बोले- संध्या सिंह की फतह सुनिश्चित करने को सभी कार्यकर्ता और नेता मजबूती से उतरेंगे मैदान में
अविनाश सिंह राजा और शिव प्रकाश शर्मा का मिला साथ, संध्या सिंह बुधवार को करेंगी नामांकन
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता का संदेश दिया है। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने मंगलवार को जिला पदाधिकारियों के साथ मानगो स्थित अविनाश सिंह राजा एवं उनकी धर्मपत्नी ज्योति सिंह व भाजपा नेता शिवप्रकाश शर्मा के आवास पर शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने संगठन द्वारा मानगो नगर निगम चुनाव के मद्देनजर लिए गए निर्णय से सभी को अवगत कराया और संगठनहित में मेयर पद पर ज्योति सिंह एवं चंचल शर्मा से दावेदारी को वापस लेने और उनसे मेयर हेतु नामांकन ना करने का आग्रह किया। संगठन के व्यापक हित और पार्टी की मजबूती को प्राथमिकता देते हुए अविनाश सिंह राजा एवं ज्योति सिंह व शिवप्रकाश शर्मा ने संगठन के निर्णय में अपनी निष्ठा व्यक्त की। उन्होंने मानगो मेयर पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं करने और भाजपा के समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह को पूर्ण समर्थन देने एवं उनके पक्ष में न केवल सक्रिय रहेंगे बल्कि बड़ी जीत सुनिश्चित करने की बात कही।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने दोनों नेताओं के सकारात्मक सहयोग और संगठन के प्रति समर्पण भावना की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित एवं राष्ट्रवादी विचारधारा और सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है। संगठन के हित में लिए गए निर्णयों का सम्मान करना ही हमारी ताकत है।
मानगो नगर निगम चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवार संध्या सिंह की फतह सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ता और नेता एकजुट होकर पूरी मजबूती से मैदान में उतरेंगे। उन्होंने दोनों नेताओं के संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, राजीव सिंह, जिला महामंत्री संजीव सिंह, जिला मंत्री पप्पू सिंह, जिला कोषाध्यक्ष कृष्णा शर्मा काली व अन्य नेतागण मौजूद रहे।
महापौर प्रत्याशी संध्या सिंह बुधवार को दाखिल करेंगी नामांकन


एनडीए समर्थित महापौर प्रत्याशी संध्या सिंह बुधवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस मौके पर एनडीए के सभी घटक दल एकजुट होकर उनके साथ मौजूद रहेंगे। इसकी जानकारी आज एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनडीए के सभी घटक दलों के जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नेताओं ने एक स्वर में कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एनडीए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और संध्या सिंह के नेतृत्व में मानगो को एक स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित शहर बनाया जाएगा।
महापौर प्रत्याशी संध्या सिंह ने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो उनकी प्राथमिकताओं में मानगो की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित नागरिक सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण प्रमुख रहेगा।
इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष जोर देते हुए कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा, स्ट्रीट लाइटिंग, सीसीटीवी व्यवस्था और सुरक्षित सार्वजनिक स्थलों पर विशेष फोकस किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मानगो क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। संध्या सिंह ने विश्वास जताया कि एनडीए की एकजुटता और जनता का समर्थन उन्हें विजय की ओर ले जाएगा।
इस दौरान एनडीए नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरे दमखम के साथ चुनाव प्रचार में जुटें और विकास के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाएं।
बहरहाल मंगलवार को भी मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया में निकाय चुनाव को लेकर गहमागहमी रही। नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 नामांकन की प्रक्रिया के आज पांचवा दिन मानगो नगर निगम में महापौर पद के चुनाव हेतु कुल 5 एवं जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद हेतु कुल 8 तथा चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र हेतु अध्यक्ष पद हेतु 2 अभ्यर्थियों ने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन प्रपत्र आज दाखिल किया।
मानगो नगर निगम के महापौर पद के लिए नामांकन प्रपत्र दाखिल करने वालों में सुधा गुप्ता, कुमकुम श्रीवास्तव, जेबा कादरी, शाबाना बानो एवं शाइसता परवीन उर्फ जेबा खान शामिल है। जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रपत्र दाखिल करने वालों में आरती चौधरी, जसप्रीत कौर, नौशीन खान, इंदू देवी, नीलूफर हुसैन, नूतन सिंह शामिल है। वहीं चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रपत्र दाखिल करने वालों में संध्या रानी सरदार एवं चन्दना मुर्मू शामिल है।
