गुवा: किरीबुरू थाना क्षेत्र के कुमड़ी के सारंडा जंगल में कोबरा के जवानों के साथ हुई मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया है जिसमें से एक नक्सली एक करोड़ का इनामी भी शामिल है।
सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस के वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में सीआरपीएफ कोबरा और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की।सुरक्षा बलों ने दो हेलीकॉप्टर की मदद से इलाके में हवाई निगरानी के साथ-साथ पैदल सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान नक्सलियों को सुरक्षा बलों की मौजूदगी की भनक लग गई और उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। सूत्रों के अनुसार इस मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, जिनमें एक एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली भी शामिल बताया जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मुठभेड़ जारी थी और इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षा बल पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
