जमशेदपुर : जमशेदपुर में मनरेगा योजना का नाम परिवर्तित किए जाने के खिलाफ जिला कांग्रेस कमिटी का विरोध तेज होता जा रहा है। इसी मामले को लेकर शनिवार को कांग्रेस जिला कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आगे के आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने दो टूक कहा कि सरकार के इस फैसले के विरुद्ध पार्टी चरणबद्ध आंदोलन छेड़ेगी और जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर व्यापक जन आंदोलन तक का रास्ता अपनाया जाएगा।
बैठक के दौरान आंदोलन के पहले चरण की रणनीति तय की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को साकची स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता एक दिवसीय उपवास सह धरना देंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा योजना गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण तबके की आजीविका का मजबूत आधार है। इसके नाम में बदलाव करना सीधे तौर पर जनता के अधिकारों के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
