भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम : 20 दिसम्बर से 798वां नेत्र शिविर
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा द्रोपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फेमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 798वां नेत्र शिविर 20 दिसम्बर से 22 दिसम्बर तक स्व. मधु अग्रवाल की स्मृति में समाजसेवी महेश अग्रवाल (सोनारी) के संयोजन में आयोजित होगा।
रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार ने बताया कि बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में 3 दिवसीय नेत्र शिविर में 20 दिसम्बर को नेत्र रोगियों के आंखों की जांच कर मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों का चयन ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए किया जायेगा, जिनका ऑपरेशन रविवार 21 दिसम्बर को नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. विवेक केडिया एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जायेगा।
सोमवार 22 दिसम्बर को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों के आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच के पश्चात उन्हें आवश्यक दवा, चश्मा के साथ आंखों की देखभाल की जानकारी प्रदान कर विदा किया जायेगा। शिविर के दौरान रेड क्रॉस सोसाईटी के पेट्रन व समाजसेवी महेश अग्रवाल, अपनी पत्नी नीता अग्रवाल एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शिविर में शामिल होंगे।
12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस पर लोकभवन स्थित बिरसामंडप रांची में रक्तदान शिविर
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, झारखंड राज्य शाखा की कार्यकारी समिति की बैठक 18 दिसम्बर को राजभवन में रेड क्रॉस के वाईस प्रेसीडेंट सह राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में 12 जनवरी 2026 स्वामी विवेकानन्द जयंती, राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय रक्तदान शिविर का आयोजन लोकभवन (पूर्व नाम राजभवन) परिसर स्थित बिरसा मंडप में रेड क्रॉस झारखंड राज्यशाखा की अगुवाई में करने पर विचार किया गया, साथ ही राज्य के सभी जिला रेड क्रॉस शाखा की अगुवाई में जिला स्तरीय रक्तदान शिविर का आयोजन करने पर विचार किया गया।
रेड क्रॉस सोसाईटी, झारखंड राज्य शाखा के चेयरमैन बिजय कुमार सिंह ने रक्तदान शिविर आयोजित करने सम्बन्धी सभी पहलुओं को समक्ष रखते हुए राज्य स्तरीय रक्तदान शिविर को व्यापक सफलता दिलाने हेतु अपने विचार रखें तथा उन्होने इस रक्तदान शिविर हेतु रेड क्रॉस की रांची जिला शाखा को नोडल एजेंसी के रूप में शामिल करने का सुझाव दिया, जिसे स्वीकार किया गया एवं रांची जिला शाखा को अगली बैठक तक सभी जमीनी कार्यों को पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
बैठक में डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने सभी आवश्यक तैयारियों के लिए समयबद्ध तरीके से कार्य करने एवं रक्तदान शिविर से सम्बन्धित सभी सम्बन्धित पक्षों को जोड़कर एक आदर्श रक्तदान शिविर आयोजित करने हेतु तैयारी करने का निर्देश दिया। डॉ. कुलकर्णी के साथ राज्यपाल सचिवालय में अपर सचिव ए. के. सत्यजीत, उपसचिव सागर कुमार, रेड क्रॉस सोसाईटी राज्यशाखा के चेयरमैन बिजय कुमार सिंह, सचिव निरंजन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विवेश जालान, कार्यकारी समिति सदस्य आदर्श शर्मा, कुमार मधुरेन्द्र, रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम से श्याम कुमार, विशाल कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे।
