जमशेदपुर के कदमा में 15 दिन से वृद्ध महिला लापता, तलाश नहीं पा रही पुलिस, एसएसपी से लगाई गुहार
जमशेदपुर : कदमा थाना अंतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 की रहने वाली 60 वर्षीय वृद्ध महिला अमीना 15 दिनों से अपने घर से लापता है। थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराने के बाद भी पुलिस वृद्ध का पता नहीं लगा सकी है। परेशान होकर उनकी बेटी सबीला बीबी गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने एसएसपी ऑफिस में ज्ञापन सौंपा और अपनी मां को खोजने की गुहार लगाई।
इस शिकायती पत्र में सबीला बीबी ने पुलिस को बताया है कि 4 दिसंबर को उनकी मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट कदमा थाना में दर्ज कराई गई थी। अमीना मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। वह इससे पहले भी दो बार बिना बताए घर से जा चुकी हैं। परिजन खोजकर उन्हें वापस लाए थे। मगर, इस बार काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका है।
परिजनों ने बताया कि अमीना ने लापता होने वाले दिन लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी। बेटी का कहना है कि समय बीतने के साथ मां की फिक्र बढ़ती जा रही है। मामले को गंभीरता से सुनते हुए एसएसपी ने महिला को जल्द खोजने का भरोसा दिलाया है और संबंधित थाना को ज़रूरी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
