बांग्ला फिल्मों के अभिनेता कल्याण चटर्जी का निधन, 400 से अधिक फिल्मों में किया काम
Kalyan Chatterjee: भारतीय क्षेत्रीय सिनेमा, खासकर बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री के लिए 8 दिसंबर 2025 का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। चार दशक से अधिक समय तक अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाले दिग्गज अभिनेता कल्याण चटर्जी का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे इस अनुभवी कलाकार ने कोलकाता के सरकारी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर ने पूरे बंगाल, बॉलीवुड और थियेटर जगत को शोक से भर दिया है।
चटर्जी टाइफाइड और उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और उनका एमआर बांगुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज हो रहा था, जहां रविवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्होंने 1968 में रिलीज हुई ‘अपोनजोन’ फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी और 400 से अधिक फिल्मों में काम किया।
ज्यादातर फिल्मों में उन्होंने सहायक अभिनेता की भूमिकाएं निभायीं। उनकी कुछ उल्लेखनीय फिल्मों में ‘धांगये मे’, ‘दुही पृथ्वी’, ‘सबुज द्वीपर राजा’ और ‘बैशे श्रवण’ शामिल हैं। उन्होंने सत्यजीत रे की फिल्म प्रतिद्वंदी में भी अभिनय किया था।
बंगाली फिल्मों के अलावा उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी काम किया जिनमें सुजॉय घोष की फिल्म कहानी शामिल हैं। ‘आर्टिस्ट्स फोरम’ ने बयान में कहा, ‘‘हमारे सबसे अहम सदस्यों में से एक कल्याण चट्टोपाध्याय हमें छोड़कर चले गए हैं। हम बहुत दुखी हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।” चटर्जी ने पुणे फिल्म संस्थान से पढ़ायी की थी।
