बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत पर जमशेदपुर में जदयू नेताओं ने बांटे लड्डू
जमशेदपुर : जनता दल यूनाइटेड पूर्वी सिंहभूम जिला द्वारा बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत तथा नीतीश कुमार के 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की खुशी में आज साकची गोलचक्कर पर भव्य लड्डू वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जदयू नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने 101 किलो लड्डू आम जनों एवं राहगीरों के बीच वितरित किए। पूरे कार्यक्रम स्थल पर “नीतीश कुमार जिंदाबाद”, “जदयू जिंदाबाद” के नारों से उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बनाया। सभी ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर ऐतिहासिक जीत पर खुशी व्यक्त की।
पार्टी जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि “यह दिन देश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। यह सुशासन, विकास और विश्वास की जीत है। लगातार 10वीं बार मुख्यमंत्री निर्वाचित होकर माननीय नीतीश कुमार ने पूरे देश में एक नई मिसाल कायम की है। उनकी छवि एक स्वच्छ, सशक्त, विकासोन्मुख और संवेदनशील नेता की रही है, जो बिहार को नई ऊँचाइयों तक लेकर जा रही है।”
