बहरागोड़ा में 20 किलो गांजा समेत एक गिरफ्तार
बहरागोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के बहरागोड़ा बस स्टैंड पर भारी मात्रा में गांजा के साथ पुलिस ने शनिवार की रात लगभग 11 बजे एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गुप्त सूचना पर बहरगोड़ा पुलिस ने की कार्रवाई
घाटशिला थाना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि खड़गपुर की ओर से बस में एक व्यक्ति मादक पदार्थ गांजा लेकर बहरागोड़ा बस स्टैंड आने वाला है। दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी राजाराम मुंडा के नेतृत्व में छापामारी की गई। छापामारी के दौरान बस स्टैंड पर एक व्यक्ति को देखा गया। बोरा लिए व्यक्ति के पास पुलिस के पहुंचने पर वह घबरा गया। तुरंत भागने भागने भी लगा लेकिन पुलिस उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम दीपेंद्र सोमानी रेलवे मार्केट गोल बाजार खड़गपुर का रहने वाला बताया।
बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये
इतनी बड़ी मात्रा में बरामदगी से सभी हैरान हैं। गांजे का बाजार मूल्य लाखों रुपये बताया जा रहा है। पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से बोरे में रखा 20 किलो 50 ग्राम गांजे के अलावा एक एंड्रॉयड फोन, नकद 540 रुपये भी जब्त किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि खड़गपुर के दिवाकर दुबे से लेकर बहरागोड़ा बस स्टैंड में घाटशिला के सुनील नामक व्यक्ति को गांजा देने जा रहा था। आरोपी के खिलाफ बहरागोड़ा मामला दर्ज किया गया है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुजूर, पुलिस अवर निरीक्षक थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, एसआई राहुल कुमार, सोमराज उरांव, सुकांत झा व अन्य जवान शामिल थे।
