पश्चिम बंगाल के हांसपुर में सड़क दुघर्टना में बोड़ाम थाना क्षेत्र के दो युवक गंभीर, टीएमएच में भर्ती
दोनों घायल युवकों की मां अनुकंपा पर कर रही नौकरी
एक महिला चौकीदार का बेटा तो दूसरा सिपाही का

पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के दो युवक सोमवार शाम पश्चिम बंगाल के हांसपुर में हुई सड़क दुघर्टना में बुरी तरह घायल हो गए। दोनों का इलाज जमशेदपुर के टाटा मेन हाॅस्पिटल में चल रहा है।
घायलों में एक युवक रामकृष्ण उर्फ प्रकाश महतो (23) बोड़ाम के पेनादा गांव निवासी है जो बोड़ाम थाने में पदस्थापित महिला चौकीदार नियति महतो का पुत्र है। दूसरा जमशेदपुर में पदस्थापित महिला सिपाही सुभद्रा महतो का पुत्र ललित महतो (24) है।
सूत्रों के मुताबिक वर्तमान में ललित महतो अपनी मां के साथ गोलमुरी पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में रहता है और किसी कंपनी में जॉब करता है। काली पूजा के मौके पर वह अपने गांव बाघरा आया था। अपने दोस्त रामकृष्ण महतो के साथ पश्चिम बंगाल के बलरामपुर गए थे। देर शाम रामकृष्ण की यामाहा आर वन फाइव बाइक से दोनों घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे उनकी बाइक बराबाजार- बलरामपुर मुख्य सड़क पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में रामकृष्ण के सिर एवं पैर के अलावा अंदरुनी चोट होने की वजह से वह बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था जबकि ललित के पैर की हड्डियों के टूटने की सूचना है।
सूचना पाकर पहुंची बलरामपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल बलरामपुर के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को जमशेदपुर भेज दिया गया। यहां रामकृष्ण की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि ललित के पैरों का ऑपरेशन होने वाला है। इस घटना में रामकृष्ण की बाइक क्षतिग्रस्त हो चुकी है जबकि पॉकेट में रखा आईफोन पूरी तरह से खत्म हो गया है।
बताते चलें कि ललित की पिता हलधर महतो की 2009 में बोड़ाम थाना क्षेत्र के आमझोर में हुई नक्सली घटना में मौत हो गई थी, जिसके बाद उसकी मां सुभद्रा महतो को झारखंड पुलिस में नियुक्ति मिली है। वहीं पेनादा निवासी रामकृष्ण के चौकीदार पिता अजीत महतो की असामयिक निधन के बाद उसकी मां नियति महतो को अनुकंपा पर नियुक्ति मिली है।
