घाटशिला में नामांकन सभा में कल्पना सोरेन और बलमुचू की अनुपस्थिति पर होती रही चर्चा
जमशेदपुर: घाटशिला के दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में शुक्रवार को आयोजित झामुमो की नामांकन सभा में दो लोगों की अनुपस्थिति और दो की मंच पर उपस्थिति की चर्चा रही। यह चर्चा झामुमो कार्यकर्ताओं में भी रही और भाषण सुनने पहुंचे लोगों में भी। कल्पना सोरेन के स्वागत की भी पूरी तैयारी थी और उनके सम्मान में जगह-जगह उनकी तस्वीर के बैनर भी छपे थे।
आम तौर पर जमशेदपुर या पूरे जिले में हुए महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति रही है। परंतु कल उनके नहीं आने से महिला कार्यकर्ताओं में निराशा दिखी। हालांकि उन्होंने इसकी चर्चा भी की। दरअसल कल्पना सोरेन का आदिवासी महिलाओं में काफी क्रेज है। नई उम्र की आदिवासी लड़कियां उन्हीं के स्टाइल में साड़ी पहन रहीं हैं। हालांकि जानकारों ने बताया कि वह पारिवारिक व्यस्तता की वजह से जमशेदपुर नहीं आ सकीं।
दूसरी ओर, जिले के सभी लोगों की नजरें पूर्व विधायक और कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रदीप कुमार बलमुचू को तलाश रही थीं। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष से लेकर दर्जन भर बड़े कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी के बावजूद वे कहीं नजर नहीं आये। दरअसल बलमुचू ने घाटशिला से फिर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। परंतु प्रदेश प्रभारी ने तत्काल इसे नकार दिया। इस बात से बलमुचू नाराज बताये जाते हैं।
इन सबके बीच कल मंच पर बिल्डर और केके आवास प्रा. लि. के निदेशक विकास सिंह और भाजपा नेता रहे जम्बु अखाड़ा के बंटी सिंह की सीएम के मंच पर उपस्थिति की भी शहर से घाटशिला पहुंचे लोगों में चर्चा रही।
