मोदी के आत्मनिर्भर भारत को, जन-जन तक पहुंचने में जुटी भाजपा
== जमशेदपुर पश्चिम में बड़ा कार्यक्रम, आदित्य साहू व विद्युत महतो समेत कई दिग्गजों ने लिया भाग
== भव्य सम्मेलन में गूंजा संकल्प-, हर घर में स्वदेशी, हर हाथ में रोजगार
जमशेदपुर । रविवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन के मानस सभागार में भारतीय जनता पार्टी के आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत पश्चिम विधानसभा स्तरीय सम्मेलन का आयोजन भव्यता के साथ किया गया। इस अवसर पर भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की।
सम्मेलन में सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, पूर्व सांसद आभा महतो समेत कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने लिया आत्मनिर्भर भारत का संकल्प
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी पितृपुरुषों के छवि चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि से हुई। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने ‘विकसित भारत 2047’ के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
मोबाइल से लेकर रक्षा क्षेत्र तक, भारत बना आत्मनिर्भर: आदित्य साहू
अपने संबोधन में आदित्य साहू ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
उन्होंने बताया कि 2014 से पहले भारत में सिर्फ 2 मोबाइल निर्माण इकाइयाँ थीं, आज 200 से अधिक फैक्ट्रियाँ हैं। देश अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन चुका है।
साहू ने मेक इन इंडिया, पीएलआई स्कीम और नवाचार आधारित उद्यमिता को भारत की नई पहचान बताया। साथ ही बताया कि रक्षा, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भारत ने उल्लेखनीय आत्मनिर्भरता हासिल की है। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की मौजूदा झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार जनता की नहीं, बल्कि खुद की चिंता करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के नेताओं को जनता की भलाई से ज्यादा कमीशन और कुर्सी की चिंता है। प्रधानमंत्री के हर जनहितकारी फैसले का विरोध करना इनकी आदत बन गई है।”
उन्होंने कहा कि आगामी दीपावली और छठ पर्व पर स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
वोकल फॉर लोकल से मिलेगा नया आयाम: सांसद विद्युत महतो
सांसद विद्युत वरण महतो ने आत्मनिर्भर भारत को देश के आर्थिक सशक्तिकरण का आधार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहा है। जीएसटी दरों में की गई राहत आम नागरिकों के लिए बड़ी सौगात है।उन्होंने युवाओं से स्टार्टअप संस्कृति को अपनाने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
भारत वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान बना रहा : पूर्णिमा साहू
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से विश्व मंच पर मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत तीसरी सबसे बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है, यह सब दूरदर्शी नेतृत्व की देन है।
स्थानीय उत्पादों को अपनाएं: नंदजी प्रसाद
प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन आंदोलन बनाने की बात करते हुए कहा कि हर नागरिक अगर स्वदेशी अपनाए और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दे, तो आत्मनिर्भरता का सपना जल्द साकार होगा।”
कार्यक्रम का संचालन संजीव सिन्हा ने किया, अनिल मोदी ने दिलाई शपथ
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया जबकि जिला महामंत्री अनिल मोदी ने आत्मनिर्भर भारत शपथ पत्र का सामूहिक वाचन कराया।
सम्मेलन की झलकियाँ:
पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह, सैकड़ों की संख्या में जुटी भीड़
आत्मनिर्भर भारत थीम पर लगाए गए पोस्टर और स्वदेशी स्टॉल
वरिष्ठ नेताओं ने स्थानीय उत्पादों के प्रति दी जागरूकता

