जुगसलाई में देर रात एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवक पकड़े गए, एक के पास से देशी पिस्तौल बरामद
जमशेदपुर: वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर 10 अक्टूबर की रात करीब जुगसलाई थाना क्षेत्र के पार्वती घाट बस्ती स्थित श्मशान घाट गेट के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही थी।
इसी क्रम में रात करीब 10:10 बजे एक बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। सुरक्षाबलों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों युवक बाइक समेत भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल की तत्परता से दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान एक युवक, जिसका नाम मो. रेहान बताया गया है, के बैग से एक देशी पिस्तौल, मैगजीन और पोको कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं, उसके साथ मौजूद दूसरा युवक नाबालिग पाया गया, जिसके फुलपैंट की जेब से एक जिंदा गोली और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला।
दोनों युवकों से बरामद हथियार और मोबाइल फोन को विधिवत जब्त किया गया। इसके बाद मो. रेहान को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि नाबालिग साथी को विधि अनुसार सुपुर्द किया गया।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों युवक हथियार लेकर किस उद्देश्य से घूम रहे थे और हथियार की सप्लाई चेन कहाँ से जुड़ी है।
