सीतारामडेरा थाना में FIR, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
मुख्य बिंदु
राजेश सिंह बम पर हमला और जान से मारने की धमकी का आरोप
जातीय और क्षेत्रीय अपशब्दों के उपयोग की शिकायत
सीतारामडेरा थाना में मामला दर्ज, पुलिस जांच शुरू
मूलचंद साहू पर पहले भी विवादित गतिविधियों के आरोप
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल रघुवर दास के भाई मूलचंद साहू एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे, शहर के चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिंह बम पर हमला और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप मूलचंद साहू पर लगा है। इस संबंध में सीतारामडेरा थाना में मामला दर्ज कराया गया है।
क्या है मामला?
राजेश सिंह बम ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह भैया जी घाट पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। वहीं उनकी मुलाकात मूलचंद साहू से हुई। राजेश सिंह का कहना है कि उन्होंने शिष्टाचार के तहत मूलचंद साहू को नमस्कार किया, लेकिन तभी बात अचानक बिगड़ गई।
राजेश सिंह के मुताबिक, मूलचंद साहू ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और जातिसूचक तथा क्षेत्रीय अपशब्दों का प्रयोग किया। आरोप है कि मूलचंद साहू ने कहा कि तुम लोग 25 साल से तलवा चाट रहे हो और अगले 25 साल तक चाटते रहोगे। तुम्हारे भाई शिव शंकर सिंह की इतनी हिम्मत कि वह मेरे भाई रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ने गया?
इतना ही नहीं, राजेश सिंह बम का आरोप है कि मूलचंद साहू ने उन्हें धमकी दी कि मैं तुझे जान से मरवा दूंगा, देख लेना।
FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
राजेश सिंह बम की शिकायत के आधार पर सीतारामडेरा थाना में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मूलचंद साहू की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। यदि आरोप सही पाए गए तो IPC की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

