जमशेदपुर में रेलवे, पेट्रोलियम और कैग की शानदार जीत से नेशनल हाकी का आगाज
गुरसाहिबजीत सिंह की हैट्रिक, ओलंपियन भी बिखेर रहे जलवा
पांचवीं हाकी इंडिया सीनियर पुरुष अंतर-विभागीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप का रंगारंग शुभारंभ


जमशेदपुर : नवल टाटा हाकी अकादमी (एनटीएचए) में मंगलवार को पांचवीं हाकी इंडिया सीनियर पुरुष अंतर-विभागीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 का भव्य आगाज हुआ। पहले दिन रेलवे खेल प्रमोशन बोर्ड, पेट्रोलियम खेल प्रमोशन बोर्ड और भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने अपने-अपने मुकाबलों में दमदार जीत दर्ज की। रेलवे ने सशस्त्र सीमा बल को 13-0 के विशाल अंतर से रौंद दिया, जिसमें गुरसाहिबजीत सिंह ने चार गोल दागकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
गुरसाहिबजीत के चार गोल से रेलवे की बड़ी जीत :
दिन के पहले मैच में रेलवे खेल प्रमोशन बोर्ड ने सशस्त्र सीमा बल पर पूरी तरह से अपना दबदबा बनाए रखा। गुरसाहिबजीत सिंह ने मैच के 12वें, 20वें, 44वें और 55वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बड़ी बढ़त दिलाई। उनके अलावा पंकज ने दो, जबकि परमप्रीत सिंह, शेषे गौड़ा बीएम, शिवन आनंद, सामंत सीएस, प्रताप लाकड़ा, दर्शन गावकर और प्रदीप सिंह ने एक-एक गोल किया। प्रदीप संधू को उनके शानदार खेल के लिए ‘प्लेयर आफ द मैच’ चुना गया।
पेट्रोलियम और कैग ने भी दिखाया दम :
दूसरे मुकाबले में पेट्रोलियम खेल प्रमोशन बोर्ड ने तमिलनाडु पुलिस को 6-1 से शिकस्त दी। पेट्रोलियम की ओर से गुरजिंदर सिंह और तलविंदर सिंह ने दो-दो गोल दागे, जबकि देविंदर वाल्मीकि और विश्वास जी ने एक-एक गोल किया। तमिलनाडु पुलिस के लिए एकमात्र गोल मथन एम ने किया।[3] गुरजिंदर सिंह को ‘प्लेयर आफ द मैच’ घोषित किया गया।
दिन के तीसरे और अंतिम मैच में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने पंजाब एंड सिंध बैंक को 6-3 से हराया। कैग के लिए भरत महालिंगप्पा कुर्तकोटी ने दो गोल किए, जबकि गणेश माझी, सूर्य प्रकाश, खानपठान आमिद सरफराज और त्रिशूल गणपति ने एक-एक गोल का योगदान दिया। कैग के सुब्रामणी एसी को ‘प्लेयर आफ द मैच’ चुना गया।
एक अन्य अनुसूचित मैच में पंजाब नेशनल बैंक को यूनियन बैंक आफ इंडिया (यूबीआइ) के टूर्नामेंट में भाग नहीं लेने के कारण वाकओवर दिया गया और अंक प्रदान किए गए। चैंपियनशिप के लीग चरण के मुकाबले 10 अक्टूबर तक जारी रहेंगे, जिसके बाद क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल खेले जाएंगे।
